रेल संरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 रेलकर्मी सम्मानित, फिरोजपुर मंडल ने बढ़ाया सुरक्षा का उत्साह

फिरोजपुर। सुरक्षित रेल संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फिरोजपुर मंडल ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, सूझबूझ और समर्पण का परिचय देने वाले 13 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने सम्मान प्रदान करते हुए कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

सम्मानित कर्मचारियों में रामपाल, आदित्य सक्सेना, रोहित कुमार और लवकेश मीणा (पॉइंट्समैन), विकास सैनी एवं प्रवीण कुमार (स्टेशन मास्टर), सिमरनजीत सिंह और ज्ञान प्रकाश (लोको पायलट), सुबोध कुमार एवं मनिंदर भाटिया (सहायक लोको पायलट), राजेश कुमार (कीमैन) तथा जितेंद्र कुमार और ब्रजेश कुमार (ट्रेन मैनेजर) शामिल हैं। इन कर्मचारियों को ट्रेनों के सुरक्षित संचालन, पटरियों के बेहतर रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यह सम्मान कर्मचारियों की निष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इससे अन्य रेलकर्मियों को भी सुरक्षा मानकों का पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ पालन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि फिरोजपुर मंडल भविष्य में भी रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित और विश्वसनीय रेल संचालन के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रोहित वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) सुमित खुल्लर, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) जीतराम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक सहित मंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

रेलवे का यह सम्मान समारोह इस बात का प्रमाण है कि सतर्क और समर्पित रेलकर्मी ही सुरक्षित रेल संचालन की सबसे मजबूत कड़ी हैं।