फिरोजपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य: कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में फिरोजपुर लुधियाना रेलखंड पर फिरोजपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए हैं। इस दौरान कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, पुनर्निर्धारित (री-शेड्यूल) और रेगुलेट किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को जालंधर सिटी फिरोजपुर कैंट पैसेंजर (74939) को महालम स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इसी दिन लुधियाना फिरोजपुर कैंट पैसेंजर (54645) का संचालन फिरोजशाह स्टेशन तक ही रहेगा।

वहीं 22 जुलाई 2026 को फिरोजपुर कैंट हनुमानगढ़ जंक्शन एक्सप्रेस (14601) का संचालन फिरोजपुर सिटी स्टेशन से प्रारंभ होगा। इसी प्रकार फिरोजपुर कैंट जालंधर सिटी पैसेंजर (74937) भी महालम स्टेशन से ही रवाना होगी।

इसके अलावा 22 जुलाई को कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। फिरोजपुर कैंट जालंधर सिटी (74934) 45 मिनट, फिरोजपुर कैंट सियालदह (20424) 85 मिनट, फिरोजपुर कैंट साहिबजादा अजीत सिंह नगर (14614) तथा फिरोजपुर कैंट लुधियाना (54646) 65-65 मिनट विलंब से प्रस्थान करेंगी।

रेलवे ने यह भी बताया कि 20 जुलाई 2026 को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस फिरोजपुर कैंट (12137) को फिरोजपुर मंडल में लगभग 55 मिनट रेगुलेट किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें तथा रेलवे द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे का कहना है कि यह कार्य भविष्य में सुरक्षित, तेज और अधिक विश्वसनीय रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।