बेटिकट यात्रा पर सख्ती, नियमों का पालन करने वाले यात्रियों को मिलेगा बेहतर सफर

फिरोजपुर। यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल ने लुधियाना-अमृतसर रेलखंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले 193 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1.78 लाख रुपये का राजस्व वसूल किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक राज कुमार ने किया। नौ सदस्यीय टिकट जांच दल ने शहीद एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा मेल सहित कई ट्रेनों में सघन जांच कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।

टिकट जांच के साथ-साथ अधिकारियों ने ट्रेनों में उपलब्ध यात्री सुविधाओं और खानपान व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें और यात्रा का अनुभव अधिक सुखद बने।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि भारतीय रेल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और अनुशासित यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि सभी यात्रियों को बेहतर और सुचारु रेल सेवाओं का लाभ मिल सके।

विशेष टिकट जांच अभियान से न केवल रेलवे राजस्व की सुरक्षा हुई, बल्कि ईमानदारी से टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों की भी प्रभावी रूप से रक्षा सुनिश्चित हुई।