राहुल गांधी व अखिलेश यादव को पुलिस हिरासत में लेने का विरोध, हरदोई में कांग्रेस-सपा का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई हिरासत में

हरदोई। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हरदोई में मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिनेमा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विक्रम पांडेय सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।
उधर, समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सिनेमा चौराहे पर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। पुलिस द्वारा उन्हें हटाने का प्रयास किए जाने पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद सपा नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और गेट नंबर-2 के सामने धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद उषा वर्मा ने कहा कि छात्रों की आवाज उठाने वाले नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराए जाने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। सपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।
सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार और क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिंह लोध, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित, हसन अहमद समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। वहीं सपा के प्रदर्शन में पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव 'पम्मू', पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी, रामज्ञान गुप्ता, हरिनाम सिंह यादव, रहमत अली, सुधीर गुप्ता मिन्ना, संजय यादव एडवोकेट, शाहिद अहमद, अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू सहित बड़ी संख्या में सपा एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।