हरदोई में सड़क किनारे मिला युवक का शव, फोन आने के बाद घर से निकला था, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी

हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र के टुमुर्की गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार को राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान तहजीब उर्फ बबलू पुत्र मुजीब (27 वर्ष), निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना मझिला के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, तहजीब रविवार को किसी व्यक्ति का फोन आने के बाद घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव गांव के निकट सड़क किनारे मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (सर्किल शाहाबाद) आलोक राज नारायण मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को थाना मंझिला पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दौलतपुर निवासी तहजीब पुत्र मुजीब का शव गांव के पास सड़क किनारे पड़ा है। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।