हरदोई में करोड़ों की इमारत पर 9 साल से ताला, बेटियों की शिक्षा से खिलवाड़, सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

हरदोई। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित म्यूनिसिपल बालिका इंटर कॉलेज वर्षों से बंद पड़े रहने को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्कुलर रोड स्थित यह बालिका इंटर कॉलेज वर्ष 2017 में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन करीब नौ वर्षों बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं कराया गया। इससे क्षेत्र की हजारों बेटियां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि कॉलेज भवन तैयार होने के बावजूद उस पर ताला लटका हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर विद्यालय शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार केवल विकास के दावे करती है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है।
उन्होंने नगर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा जनप्रतिनिधि केवल चुनिंदा स्थानों का निरीक्षण कर फोटो खिंचवाने तक सीमित हैं। नघेटा रोड समेत शहर की कई प्रमुख सड़कें जर्जर हैं और बारिश के बाद लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो जाता है, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब सब देख रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
इस दौरान समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मिन्ना, अवनीश यादव, धर्मेंद्र यादव दीपू, शुभम गुप्ता, श्याम गुप्ता, सोनू गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।