हरदोई मेडिकल कॉलेज में इंटर्न एमबीबीएस छात्रों और नर्सिंग स्टाफ के बीच मारपीट, एक छात्र घायल, जांच शुरू

हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (एएसएमसी) हरदोई में शनिवार को इंटर्न एमबीबीएस छात्रों और ऑन-ड्यूटी नर्सिंग स्टाफ के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में एक इंटर्न छात्र के हाथ में चोट लगने की सूचना है। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। घटना के बाद कुछ देर तक कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मरीज को इंजेक्शन लगाने को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि नर्सिंग स्टाफ ने एक इंटर्न छात्र से इंजेक्शन लगाने के लिए कहा, लेकिन छात्र ने मना कर दिया। इसके बाद एक जूनियर रेजिडेंट (जेआर) ने भी छात्र को निर्देश दिया, फिर भी छात्र ने इंजेक्शन लगाने से इनकार करते हुए कहा कि वह लिखित आदेश मिलने पर ही यह कार्य करेगा।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान बड़ी संख्या में इंटर्न एमबीबीएस छात्र मौके पर एकत्र हो गए, जबकि नर्सिंग स्टाफ की ओर से केवल कुछ कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसमें एक इंटर्न छात्र घायल हो गया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया गया है। विवाद किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मेडिकल कॉलेज प्रशासन पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच में जुटा हुआ है।