अमृतसर से पहली बार सेब और लुधियाना से पहली बार आम की रेल लोडिंग, फिरोजपुर मंडल ने बनाया नया कीर्तिमान

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन से पहली बार सेब और लुधियाना रेलवे स्टेशन से पहली बार आम की रेलमार्ग से आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की है। यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन और व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है।

19 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 15708 के माध्यम से अमृतसर से कटिहार के लिए 97 बॉक्स सेब भेजे गए, जबकि 18 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 13006 से लुधियाना से हावड़ा के लिए 101 बॉक्स आम रवाना किए गए। फिरोजपुर मंडल के इतिहास में यह पहली बार है जब इन दोनों स्टेशनों से इन नाशवान फलों की रेलमार्ग से ढुलाई की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलमार्ग से पेरिशेबल फलों का तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन संभव होने से फलों की गुणवत्ता बनी रहती है। इससे व्यापारियों को समय पर बाजार उपलब्ध होता है और किसानों को भी बेहतर लाभ मिलने की संभावना बढ़ती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की समयबद्ध और विश्वसनीय माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों का भरोसा लगातार मजबूत कर रही है। मंडल भविष्य में भी माल यातायात बढ़ाने और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।