प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों के लिए राहत, भारतीय रेल की 'विकल्प' सुविधा बनी आसान सफर का सहारा

फिरोजपुर। भारतीय रेल की 'विकल्प' (ऑल्टरनेट ट्रेन एकॉमोडेशन स्कीम) प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। इस सुविधा के तहत यदि यात्री की मूल ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं हो पाती, तो उसकी सहमति के आधार पर उसी मार्ग की किसी अन्य उपयुक्त ट्रेन या उसी ट्रेन की दूसरी तिथि में उपलब्ध सीट पर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की सुविधा दी जाती है।

यह सुविधा केवल आईआरसीटीसी के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए गए आरक्षित टिकटों पर उपलब्ध है। योजना का उद्देश्य ट्रेनों में खाली सीटों का बेहतर उपयोग करना, प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को यात्रा का अवसर देना और रेलवे संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान 'विकल्प' सुविधा का चयन अवश्य करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें वैकल्पिक ट्रेन में आरक्षित सीट का लाभ मिल सके।

भारतीय रेल की यह पहल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सहज और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।