जालंधर में पीएम मोदी ने ₹5,470 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, पंजाब सरकार पर साधा निशाना

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जालंधर में ₹5,470 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया तथा अमृतसर-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पंजाब की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और नशे के मुद्दे पर राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए भाजपा को विकास का विकल्प बताया।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में "कीवें हो पंजाबियो, चढ़दी कलां च हो या नहीं?" कहकर की, जिससे उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया। पगड़ी पहनकर मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने कहा कि जालंधर आज विकास के नए अध्याय का साक्षी बन रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने और कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय का शिलान्यास करने का अवसर मिला।

मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य हर नागरिक का जीवन आसान बनाना और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार "नागरिक देवो भवः" के मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने जालंधर के लोगों द्वारा स्वच्छता को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना की और गुरु रविदास के समरसता के संदेश को अपनाने के लिए लोगों की प्रशंसा की। साथ ही तेजा सिंह समुद्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं और किसानों में अपार क्षमता है। उन्होंने जालंधर को देश का प्रमुख खेल उद्योग केंद्र बताते हुए कहा कि नई अर्थव्यवस्था में खेल क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से खेलों और उद्यमिता से जुड़कर पंजाब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने, नशे के बढ़ते कारोबार, गैंगवार और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा और विकास के लिए भेजी गई राशि का सही उपयोग नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने में लगी है, जबकि जनता तक उनका पूरा लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।

मोदी ने महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों से जुड़े चुनावी वादों का भी उल्लेख करते हुए राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार, राज्य में भाजपा की सरकार न होने के बावजूद, पंजाब के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है और इसकी थीम में शहर की खेल संस्कृति को विशेष स्थान दिया गया है। साथ ही उन्होंने गुरु रविदास, शहीद भगत सिंह, आनंदपुर साहिब और पंजाब की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य का विश्वास जताया।