हरदोई में दो मासूम बच्चों संग 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस और रिश्तेदारों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

हरदोई। मल्लावां कस्बे के मोहल्ला भगवंत नगर में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक अपने दो मासूम बच्चों के साथ करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने पुलिस तथा अपने कुछ रिश्तेदारों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि टावर पर चढ़ने से पहले उसने एक लिखित नोट भी छोड़ा, जिसमें एक दरोगा, एक सिपाही, अपने साढ़ू और उसकी पत्नी को किसी भी अप्रिय घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने परिजनों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों तक अधिकारी लगातार उससे बातचीत करते रहे ताकि वह बच्चों सहित सुरक्षित नीचे उतर आए। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और राहत-बचाव की तैयारियां भी कर ली। अधिकारियों का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल की जाएगी।