बिजनौर में अग्निशमन विभाग का सुरक्षा अभियान, 7 होटल-रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल का फायर ऑडिट, 32 लोगों को किया जागरूक

बिजनौर। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अग्निशमन विभाग ने शुक्रवार को स्कीम नंबर-05 के तहत विशेष फायर ऑडिट एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगीना और नजीबाबाद क्षेत्र के 7 होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउस का निरीक्षण किया गया तथा 32 लोगों को अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन निकासी (इवैक्यूएशन) का प्रशिक्षण दिया गया।

यह अभियान उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी बिजनौर के आदेश पर 14 से 20 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्निशमन व्यवस्था का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा कार्यशील रखें, उनका नियमित अनुरक्षण कराएं और आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा सुरक्षित निकासी की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही कर्मचारियों को प्राथमिक अग्निशमन उपायों और आपदा प्रबंधन की जानकारी भी दी गई।

अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, पब्लिक क्लब, बार या बैंक्वेट हॉल से संबंधित गतिविधियों का संचालन बेसमेंट में न किया जाए। अभियान के दौरान मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को आग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने कहा कि ऐसे अभियान का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर संभावित अग्निकांडों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।