बिजनौर में होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉलों का फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू, 180 लोगों को किया गया जागरूक

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं, लखनऊ के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश पर जनपद में स्कीम संख्या-05 के तहत 14 से 20 जुलाई तक विशेष फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू किया गया है।

अभियान के पहले दिन मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में बिजनौर, नगीना, चांदपुर, नजीबाबाद और धामपुर क्षेत्रों के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, बार, पब्लिक क्लब और बैंक्वेट हॉलों का फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जनपद के 21 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारियों ने संचालकों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने, उनका नियमित रखरखाव कराने तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, प्राथमिक अग्निशमन उपायों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। साथ ही यह स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, बार, पब्लिक क्लब या बैंक्वेट हॉल की गतिविधियों का संचालन बेसमेंट में न किया जाए।

विशेष अभियान के दौरान 180 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति प्रशिक्षित और जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की कि सुरक्षा मानकों का पालन करें और अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सके।