आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण आज रात 9 बजे से, टिकट बुकिंग होगी और आसान व तेज

भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। आईआरसीटीसी (IRCTC) आज 15 जुलाई की रात 9 बजे अपनी नई वेबसाइट का बीटा संस्करण लॉन्च करेगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को नया और सरल उपयोगकर्ता अनुभव उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाना है।

रेलवे के अनुसार, नई वेबसाइट का बीटा संस्करण आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। इसका लिंक मौजूदा होमपेज पर भी दिया जाएगा, जिससे यात्री आसानी से नए पोर्टल का उपयोग कर सकेंगे और अपने सुझाव साझा कर सकेंगे।

नई वेबसाइट का डिज़ाइन और फीचर्स मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई चर्चा में दिए गए सुझावों के आधार पर तैयार किए गए हैं। वर्ष 2002 में शुरू हुई आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से वर्तमान में प्रतिदिन औसतन करीब 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं।

नई वेबसाइट में उपयोगकर्ताओं को अधिक साफ-सुथरा और सरल इंटरफेस मिलेगा। टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक बनाया गया है। अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स हटा दिए गए हैं। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिससे यात्रियों को बार-बार विकल्प बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।

इसके अलावा टिकट बुकिंग के लिए आवश्यक चरणों की संख्या कम की गई है, जिससे बुकिंग पहले से अधिक तेज होगी। बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यात्री विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे हर बार पूरी जानकारी दोबारा भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रेलवे ने बताया कि यह बीटा संस्करण यात्रियों से सुझाव और प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए जारी किया जा रहा है। प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। आने वाले कुछ सप्ताहों में इस नए पोर्टल को आधुनिक पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन के साथ भी जोड़ा जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग प्रणाली और अधिक तेज, सुरक्षित तथा सक्षम बन सकेगी।

रेलवे ने सभी यात्रियों से नई वेबसाइट का उपयोग करने और अपने सुझाव देकर इसे और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।