जल्द लॉन्च होगा आईआरसीटीसी वेबसाइट का नया बीटा वर्जन, टिकट बुकिंग होगी पहले से आसान

भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रेलवे जल्द ही आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करेगा। इसके तहत आईआरसीटीसी और सीआरआईएस के अधिकारियों ने जयपुर स्थित एमएनआईटी (मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) के छात्रों के साथ बैठक कर नई वेबसाइट का प्रदर्शन किया और अंतिम लॉन्च से पहले उनके सुझाव भी लिए।

रेलवे के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले एमएनआईटी के छात्रों ने मौजूदा आईआरसीटीसी वेबसाइट की कमियों की ओर ध्यान दिलाया था। इन्हीं सुझावों के आधार पर वेबसाइट में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। फिलहाल नए पोर्टल को भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम के साथ एकीकृत किया जा रहा है। दोनों प्रणालियों के उन्नयन का कार्य पूरा होने के बाद अगले कुछ महीनों में नया आईआरसीटीसी पोर्टल पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा।

नई वेबसाइट में चार प्रमुख सुधार किए गए हैं। इसमें अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप हटाए गए हैं, सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी, टिकट बुकिंग के चरण कम किए गए हैं जिससे चेकआउट प्रक्रिया तेज होगी तथा बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उनकी जानकारी सुरक्षित रहेगी, जिससे दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा।

रेलवे ने बताया कि चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। यह वही प्रणाली है, जिस पर विभिन्न रेलवे टिकट बुकिंग ऐप संचालित होते हैं। अपग्रेडेशन के दौरान भी सेवाओं को चालू रखना बड़ी चुनौती रही, लेकिन कार्य तेजी से जारी है।

रेलवे ने यह भी बताया कि रेलवन ऐप के डाउनलोड 4 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुके हैं और यह रेलवे टिकट बुकिंग का सबसे बड़ा ऐप बन गया है। ऐप पर रेलवे की विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। वहीं तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी कई तकनीकी उपाय किए गए हैं और इस दिशा में लगातार सुधार जारी है।