प्रयागराज के केंद्रीय चिकित्सालय में 15 जुलाई को होगा एचपीवी टीकाकरण अभियान

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज में 15 जुलाई को बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक केंद्रीय चिकित्सालय परिसर में चलेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इस विशेष अभियान में 9 वर्ष और उससे अधिक आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से जुड़ी गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उत्तर मध्य रेलवे का केंद्रीय चिकित्सालय समय-समय पर जनस्वास्थ्य और रोगों की रोकथाम के लिए जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान आयोजित करता रहा है। रेलवे प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इस अभियान का लाभ दिलाकर उनके सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य में योगदान दें।

रेलवे के अनुसार यह पहल बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और कैंसर मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।