बेचराजी में सीआरएस निरीक्षण के दौरान विधायक ने उठाई खारे पानी की समस्या, डीआरएम ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

बेचराजी में सीआरएस निरीक्षण के दौरान विधायक ने उठाई खारे पानी की समस्या, डीआरएम ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

बेचराजी। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कटोसण रोड?राणुज रेलखंड पर रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ई. श्रीनिवास के संरक्षा निरीक्षण के दौरान बेचराजी के विधायक सुखाजी सोमाजी ठाकोर ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश एवं सीआरएस के साथ बैठक कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने कटोसण रोड?राणुज रेलखंड पर जल्द यात्री रेल सेवाएं शुरू होने की उम्मीद जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि रेल सेवा शुरू होने से मां बहुचराजी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान विधायक सुखाजी ठाकोर ने बेचराजी रेलवे स्टेशन और रेलवे कॉलोनी में लंबे समय से बनी खारे पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इससे यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा स्थानीय नगरपालिका के सहयोग से इसका शीघ्र समाधान कराया जाना चाहिए।

डीआरएम वेद प्रकाश ने समस्या का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया कि रेलवे प्रशासन स्थानीय नगरपालिका और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी की सुविधाओं का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के अंत में सीआरएस ई. श्रीनिवास और डीआरएम वेद प्रकाश ने रेलवे कॉलोनी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।