भारतीय रेलवे ने यात्रियों को दी बड़ी सौगात, हरियाणा-राजस्थान के 4 स्टेशनों पर ट्रेनों के नए ठहराव मंजूर

भारतीय रेलवे ने यात्रियों को दी बड़ी सौगात, हरियाणा-राजस्थान के 4 स्टेशनों पर ट्रेनों के नए ठहराव मंजूर

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने हरियाणा और राजस्थान के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों पर अतिरिक्त ट्रेन ठहराव को मंजूरी दी है, जिससे हजारों यात्रियों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत 54085/54086 दिल्ली-सत्रोद पैसेंजर को हरियाणा के पटुवास मेहराना स्टेशन पर, 14619/14620 अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस और 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस को हांसी स्टेशन पर तथा 12981/12982 जयपुर-आसरवा एक्सप्रेस को राजस्थान के बिजैनगर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय विस्तृत परिचालन मूल्यांकन और यात्रियों की मांग की समीक्षा के बाद लिया गया है। इन नए ठहरावों से संबंधित क्षेत्रों में रेल संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा यात्रियों को अपने नजदीकी स्टेशन से यात्रा करने की बेहतर सुविधा मिलेगी।

पटुवास मेहराना को मिला बेहतर रेल संपर्क

रेवाड़ी-भिवानी रेलखंड पर स्थित पटुवास मेहराना स्टेशन पर वर्तमान में 3 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और 2 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें संचालित होती हैं। अब दिल्ली-सत्रोद पैसेंजर के ठहराव से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले यात्रियों को झारिली और चरखी दादरी जैसे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जो 6 से 7 किलोमीटर दूर स्थित हैं। नए ठहराव से दैनिक यात्रियों और छात्रों को काफी सुविधा होगी।

हांसी में लंबी दूरी की ट्रेनों का फायदा

भिवानी-हिसार रेलखंड का प्रमुख स्टेशन हांसी पहले से ही क्षेत्र का महत्वपूर्ण यात्री केंद्र है। यहां पहले से 8 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस, 7 जोड़ी पैसेंजर और 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। अब अगरतला-फिरोजपुर एक्सप्रेस और बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। पहले इन ट्रेनों के लिए यात्रियों को भिवानी सिटी या हिसार जाना पड़ता था।

बिजैनगर को मिली नई सुविधा

राजस्थान के बिजैनगर स्टेशन पर पहले से 19 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित हैं। अब जयपुर-आसरवा एक्सप्रेस के ठहराव से राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले यात्रियों को नासिराबाद या भीलवाड़ा जैसे दूरस्थ स्टेशनों पर जाना पड़ता था।

रेलवे का कहना है कि यह फैसला यात्री-केंद्रित सोच के तहत लिया गया है। जिन क्षेत्रों में यात्रियों की मांग अधिक है और परिचालन की दृष्टि से ठहराव संभव है, वहां नई सुविधाएं देकर रेल यात्रा को और अधिक सुलभ तथा सुविधाजनक बनाया जा रहा है।