बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना एवं होमस्टे से मिलेगा आवासीय भवन वालों को भी स्वरोजगार

फतेहपुर।प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) एवं होमस्टे नीति-2025 का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। इसी क्रम में क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी प्रयागराज ने जनपद के नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।उन्होंने बताया कि शासन द्वारा 09 जून 2025 को जारी नीति के तहत आवासीय भवनों में 1 से 8 कमरों तक का पंजीकरण कराया जा सकता है। होमस्टे योजना में भवन स्वामी का स्वयं निवास करना अनिवार्य होगा, जबकि बी एंड बी योजना में केयरटेकर की व्यवस्था आवश्यक होगी। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण (फायर सेफ्टी) की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों की जांच जनपद स्तरीय गठित समिति द्वारा की जाएगी। पात्र आवेदकों का पंजीकरण होने के बाद उन्हें पर्यटन गतिविधियों से जुड़ने और अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक नागरिक प्रदेश पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय, प्रयागराज अथवा सीएम टूरिज्म फेलो अनिल कुमार के मोबाइल नंबर 8700924698 से संपर्क किया जा सकता है। पर्यटन विभाग ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़कर पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अपील की है।