गौशाला में गो -सेवा कर किसान नेता ने मनाया बेटे का जन्मदिन 

थरियांव/फतेहपुर।जन्मदिन मनाने का तरीका अब बदल रहा है। केक काटने और पार्टी करने की बजाय लोग अब गौसेवा से अपने खास दिन को यादगार बना रहे हैं।ऐसा ही एक उदाहरण किसान यूनियन भूमिपुत्र के जिला उपाध्यक्ष कृष्णकांत मिश्रा निवासी औरई ने पेश किया। उन्होंने अपने 1 वर्षीय बेटे अथर्व के जन्मदिन के उपलक्ष्य में साँतों जोगा गौशाला पहुंचकर वहां संरक्षित लगभग 166 गायों के लिए हरा चारा वितरित किया.।इस दौरान गौशाला में पूजा-अर्चना कर गौमाताओं को हरा चारा खिलाया गया। कृष्णकांत मिश्रा ने कहा कि बच्चों के जन्मदिन पर फिजूलखर्ची करने के बजाय यदि उसे गौसेवा और मानवता से जोड़ा जाए तो वह दिन वाकई सार्थक हो जाता है। इससे बच्चों में शुरू से ही संस्कार और दया का भाव पैदा होता है।गौशाला के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से गौशाला को भी मदद मिलती है और समाज में गौसेवा का संदेश जाता है। इस अवसर पर परिवार के सदस्य और गौशाला के गोपालक मौजूद रहे।