सीआरएस ने शुरू किया कटोसण रोड–रणुज रेलखंड का सुरक्षा निरीक्षण, जल्द दौड़ सकती हैं यात्री ट्रेनें

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के अंतर्गत कटोसण रोड?रणुज रेलखंड पर यात्री रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने तीन दिवसीय सुरक्षा निरीक्षण शुरू कर दिया है। पहले दिन कटोसण रोड से बेचराजी तक करीब 25 किलोमीटर लंबे रेलखंड का गहन निरीक्षण किया गया।

बेचराजी स्टेशन पर महेसाणा के सांसद हरिभाई पटेल, पश्चिमी सर्कल के रेलवे संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास तथा अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया।

सांसद हरिभाई पटेल ने कहा कि बेचराजी, चाणस्मा और रणुज क्षेत्र के लोग लंबे समय से यात्री रेल सेवा की मांग कर रहे थे। इस मांग को रेल मंत्री के समक्ष कई बार उठाया गया, जिसके बाद अब सीआरएस निरीक्षण शुरू हो गया है। निरीक्षण पूरा होने और आवश्यक सुधार के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि करीब 63 किलोमीटर लंबे इस ब्रॉडगेज रेलखंड की परियोजना को वर्ष 2017 में मंजूरी मिली थी। लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से जी-राइड संयुक्त उपक्रम के तहत विकसित इस परियोजना में भारतीय रेल, गुजरात सरकार और मारुति की भागीदारी है। रेलखंड पर 14 स्टेशन विकसित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान 10 प्रमुख कर्व, 20 बड़े पुल, करीब 100 छोटे पुल, 47 रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी), ट्रैक, सिग्नलिंग, प्लेटफॉर्म, पेयजल और अन्य यात्री सुविधाओं की विस्तृत जांच की जा रही है। दूसरे दिन बेचराजी से चाणस्मा और तीसरे दिन चाणस्मा से रणुज तक निरीक्षण होगा।

रेलवे के अनुसार, सीआरएस की स्वीकृति और आवश्यक सुधार कार्य पूरे होने के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके शुरू होने से महेसाणा और पाटण जिले के बेचराजी, खांभेल और चाणस्मा जैसे प्रमुख क्षेत्र रेल नेटवर्क से बेहतर तरीके से जुड़ेंगे। साथ ही बेचराजी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के कृषि, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।