मानसून को लेकर अहमदाबाद रेल मंडल अलर्ट, सुरक्षित रेल संचालन के लिए तैयारियों की समीक्षा

मानसून को लेकर अहमदाबाद रेल मंडल अलर्ट, सुरक्षित रेल संचालन के लिए तैयारियों की समीक्षा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य (इन्फ्रास्ट्रक्चर) अनिल कुमार खंडेलवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में ट्रैक, पुलों, ड्रेनों और कलवर्टों की तैयारियों की समीक्षा की गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मानसून से पहले 132 किलोमीटर साइड ड्रेनों की सफाई, 190 स्थानों पर पेड़ों की कटाई-छंटाई, 675 किलोमीटर फ्लैंज क्लीयरेंस और 37 सम्प (Sumps) स्थापित किए गए हैं। जलभराव से निपटने के लिए आरयूबी स्थलों पर 260 पंप भी लगाए गए हैं।

आपदा की स्थिति में रेल सेवाओं की शीघ्र बहाली के लिए ध्रांगध्रा, गांधीधाम, मालिया और आदरज मोटी में बैलेस्ट और क्वारी डस्ट का पर्याप्त भंडारण किया गया है। इसके साथ ही विशेष आपातकालीन गैंग और बहाली उपकरण भी तैयार रखे गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा इंजीनियरिंग, सिग्नल, विद्युत और परिचालन विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे को प्रभावित करने वाले जलाशयों की निगरानी के लिए स्थानीय प्रशासन और ग्राम प्रधानों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

रेलवे ने कहा कि अहमदाबाद मंडल मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसंपत्तियों की संरक्षा और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।