मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, पश्चिम रेलवे ने यात्रियों के लिए शुरू की राहत व्यवस्था

मुंबई में भारी बारिश से रेल यातायात प्रभावित, पश्चिम रेलवे ने यात्रियों के लिए शुरू की राहत व्यवस्था

मुंबई सेंट्रल मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव के कारण पश्चिम रेलवे का रेल संचालन प्रभावित हो गया है। सफाले, केलवे रोड, वसई रोड और नालासोपारा स्टेशनों के बीच ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, रद्द और मार्ग परिवर्तित करना पड़ा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने व्यापक राहत एवं सहायता व्यवस्था भी शुरू की है।

रेलवे ने अहमदाबाद सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को पेयजल, नाश्ता और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए भिलाड, संजान, वापी, वलसाड, नवसारी, मुंबई सेंट्रल, बांद्रा टर्मिनस, बोरीवली और सूरत सहित विभिन्न स्टेशनों से विशेष बसें चलाई गई हैं। वलसाड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (VIA) ने भी लगभग 200 यात्रियों के लिए चाय और बिस्कुट की व्यवस्था की।

कई प्रमुख ट्रेनें प्रभावित

जलभराव के कारण कर्णावती एक्सप्रेस, सूर्यनगरी एक्सप्रेस, डबल डेकर एक्सप्रेस, अजमेर-दादर एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, भुज-दादर सुपरफास्ट और सौराष्ट्र एक्सप्रेस को बीच मार्ग में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है तथा उनकी वापसी सेवाएं नजदीकी स्टेशनों से शुरू की जा रही हैं।

वहीं दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-हिसार एक्सप्रेस और बांद्रा टर्मिनस-जामनगर हमसफर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।

भूस्खलन का भी असर

दूसरी ओर, मध्य रेलवे के रेलखंड पर भूस्खलन के चलते अहमदाबाद-चेन्नई, पुणे-भुज, पुणे-अहमदाबाद दुरंतो, तिरुचिरापल्ली-अहमदाबाद स्पेशल, चेन्नई-अहमदाबाद, राजकोट-सिकंदराबाद, अजमेर-बेंगलुरु, जोधपुर-हड़पसर और गांधीधाम-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें। अहमदाबाद हेल्प डेस्क का नंबर 079-22147997 जारी किया गया है, ताकि यात्री आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।