अहमदाबाद मंडल ने जून में बनाया नया रिकॉर्ड, माल ढुलाई से ₹606.43 करोड़ और कुल ₹767.01 करोड़ का राजस्व

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने जून 2026 में वाणिज्यिक क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में मंडल ने माल ढुलाई, यात्री सेवाओं, पार्सल व्यवसाय, गैर-किराया राजस्व और टिकट जांच के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।

रेलवे के अनुसार, जून 2026 में मंडल ने ₹606.43 करोड़ का माल राजस्व अर्जित किया, जो लक्ष्य से 3.60 प्रतिशत और पिछले वर्ष की समान अवधि से 13.59 प्रतिशत अधिक है। यह वित्तीय वर्ष 2026-27 का अब तक का सर्वाधिक मासिक माल राजस्व है। वहीं 30 जून को एक ही दिन में ₹26.58 करोड़ का माल राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया गया।

पार्सल व्यवसाय में मंडल ने ₹6.19 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.65 प्रतिशत अधिक है। भुज से बांद्रा टर्मिनस तक 22 टन आम की पार्सल सेवा से एक दिन में ₹1.26 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ।

यात्री व्यवसाय के तहत जून में ₹145.58 करोड़ का यात्री राजस्व हासिल किया गया। अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 67 विशेष ट्रेनें चलाई गईं तथा 122 अतिरिक्त कोच लगाए गए, जिससे लगभग 97 हजार यात्रियों को सुविधा मिली और ₹10.33 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।

टिकट जांच अभियान के दौरान ₹2.70 करोड़ की आय हुई, जो पिछले वर्ष से 23.29 प्रतिशत अधिक रही। वहीं स्वच्छता अभियान के तहत 1,230 एंटी-लिटरिंग मामलों में कार्रवाई कर ₹2.20 लाख का जुर्माना वसूला गया।

गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए कांकरिया गुड्स शेड में ₹20.73 करोड़ का अनुबंध, ट्रेन साइड वेंडिंग के लिए ₹3.71 करोड़ का अनुबंध तथा हेडरेस्ट कवर पर विज्ञापन से ₹57 लाख का संविदात्मक राजस्व प्राप्त हुआ। इसके अलावा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा भी शुरू की गई है।

रेलवे ने बताया कि गर्मी के मौसम में विभिन्न स्टेशनों पर सामान्य श्रेणी के यात्रियों के लिए शीतल पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई। अहमदाबाद मंडल का कुल सकल राजस्व जून 2026 में ₹767.01 करोड़ दर्ज किया गया, जो मंडल की उल्लेखनीय वाणिज्यिक उपलब्धि मानी जा रही है।