लुधियाना स्वास्थ्य इकाई में रेल कर्मचारियों को दिया गया बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण

फिरोजपुर। फिरोजपुर रेल मंडल की लुधियाना स्वास्थ्य इकाई में गुरुवार को एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन स्टाफ, फर्स्ट एडर्स और डीजल शेड के कर्मचारियों के लिए बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य रेल कर्मचारियों को आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार देने के लिए प्रशिक्षित करना था।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के मार्गदर्शन और डॉ. चेतना कपूर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एसपीएस अस्पताल, लुधियाना के विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षकों ने कर्मचारियों को हृदय गति रुकने, श्वास अवरोध, सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तथा अन्य जीवनरक्षक तकनीकों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही आपातकालीन स्थिति में समय पर सही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण पहलुओं की भी जानकारी दी गई।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि मंडल के फ्रंटलाइन कर्मचारियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट, सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता रहेगा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में यात्रियों को तुरंत और प्रभावी चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।