सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को मिला नेशनल और इंटरनेशनल अवार्ड

फतेहपुर। रक्तदान और समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था 'सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन' के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। संस्था को 'नेशनल सोशल इम्पेक्ट अवार्ड-2026' और 'वर्ल्ड बुक ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड अवार्ड' से सम्मानित किया गया है।​यह प्रतिष्ठित सम्मान निफा (नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स) द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (लखनऊ) के अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय समारोह में दिया गया। संस्था की ओर से पुरस्कार ग्रहण करने टीम सदस्य शोभित सिंह, फूल सिंह मौर्य व गुरमीत सिंह पहुंचे।​समारोह में मुख्य अतिथि महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, लघु उद्योग मंत्री नटवर गोयल, संदीप बंसल, निफा के राष्ट्रीय सेक्रेटरी अश्विनी सेठी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और 'स्माइल मैन' सर्वेश अस्थाना ने संयुक्त रूप से संस्था को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र सौंपा। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप कुमार दुबे व आलोक अग्रवाल ने की।​यह सम्मान संस्था को निफा के 'संवेदना 2' अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला है। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर मानस रक्तकेंद्र में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के सभी 75 जिलों से रक्त एकत्रित कर जरूरतमंदों की जान बचाना था, जिसमें सर्व फॉर ह्यूमैनिटी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।​समारोह में पंजाब, लखनऊ, मिर्जापुर, गाजीपुर, बनारस, आगरा, अयोध्या और कानपुर सहित प्रदेशभर के दिग्गज समाजसेवी मौजूद रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने निस्वार्थ रक्तदाताओं और सहयोगियों को दिया है।