जोधपुर मंडल की पहल: अब खुद लें टिकट, एटीवीएम मशीन से मिनटों में मिलेगा जनरल टिकट

जोधपुर मंडल की पहल: अब खुद लें टिकट, एटीवीएम मशीन से मिनटों में मिलेगा जनरल टिकट

जोधपुर। रेलवे यात्रियों को टिकट काउंटरों की लंबी कतारों से राहत देने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने बड़ी सुविधा उपलब्ध कराई है। मंडल के 43 रेलवे स्टेशनों पर कुल 65 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित की गई हैं, जिनके जरिए यात्री अब खुद ही आसानी से अनारक्षित यानी जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और सीजन टिकट नवीनीकरण जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों द्वारा एटीवीएम मशीनों का लगातार बढ़ता उपयोग टिकटिंग व्यवस्था को अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बना रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इन मशीनों के जरिए 56 लाख 52 हजार 739 टिकट जारी किए गए, जिससे रेलवे को 71.68 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 30 जून तक 16 लाख 91 हजार 132 टिकट जारी किए गए हैं, जिनसे 24.23 लाख रुपये की आय हुई है।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि एटीवीएम मशीन का उपयोग बेहद आसान है। यात्री मशीन की स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए गंतव्य स्टेशन का चयन कर टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इन मशीनों पर स्मार्ट कार्ड, यूपीआई और क्यूआर कोड के जरिए भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।

रेलवे के अनुसार एटीवीएम मशीन से जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, सीजन टिकट नवीनीकरण और अन्य अनारक्षित टिकटिंग सेवाएं उपलब्ध हैं। यात्री हिंदी या अंग्रेजी भाषा चुनकर टिकट प्रकार का चयन कर सकते हैं, स्टेशन का नाम या कोड दर्ज कर यात्रा विवरण भरने के बाद ऑनलाइन भुगतान करके टिकट तुरंत प्राप्त कर सकते हैं।

इसके अलावा अगर किसी यात्री ने RailOne मोबाइल ऐप से पेपर टिकट बुक किया है, तो वह एटीवीएम मशीन में ?Print Booked Ticket? विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर या बुकिंग डिटेल दर्ज कर टिकट का प्रिंट भी निकाल सकता है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर उपलब्ध एटीवीएम मशीनों का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे समय की बचत हो और टिकट काउंटरों पर लगने वाली अनावश्यक भीड़ एवं लंबी कतारों से राहत मिल सके।