डेगाना-रतनगढ़ सेक्शन में अंडरब्रिज निर्माण कार्य पूरा, सितंबर में स्थायी रूप से बंद होगा फाटक संख्या 52

डेगाना-रतनगढ़ सेक्शन में अंडरब्रिज निर्माण कार्य पूरा, सितंबर में स्थायी रूप से बंद होगा फाटक संख्या 52

अत्याधुनिक तकनीक से पूरा हुआ कार्य, रेल सुरक्षा और संचालन व्यवस्था होगी और बेहतर

जोधपुर मंडल ने सुरक्षित एवं सुगम रेल संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल के डेगाना-रतनगढ़ रेलखंड में स्थित समपार फाटक संख्या 52 पर सड़क अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण से जुड़ा लॉन्चिंग कार्य सोमवार को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहुंच मार्ग (अप्रोच) निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस फाटक को इसी वर्ष सितंबर माह में स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी बताया कि इस परियोजना के तहत अत्याधुनिक पुशिंग तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सड़क अंडरब्रिज स्थापित किया गया। इस निर्माण कार्य में 6�5 मीटर बॉक्स, 16.5 मीटर बैरल के दो खंड, पूर्वनिर्मित स्लैब (प्रीकास्ट स्लैब) तथा स्टील प्लेटों का उपयोग किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और तकनीकी मानकों के अनुरूप संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत 22 मई को गर्डर स्थापित करने का कार्य पूरा किया गया था, जबकि 28 जून को सफलतापूर्वक डिलॉन्चिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई। यह परियोजना रेलवे के आधुनिकीकरण और संरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वरिष्ठ मंडल अभियंता श्रीचंद पूनिया ने जानकारी दी कि अंडरब्रिज निर्माण कार्य निर्धारित सभी तकनीकी मानकों के अनुसार पूरा किया गया है। अब पहुंच मार्ग निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सितंबर माह में समपार फाटक संख्या 52 को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

रेल संचालन होगा अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम

समपार फाटक बंद होने से इस रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही ट्रेनों की गति क्षमता बढ़ेगी, जिससे रेल संचालन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध हो सकेगा। रेलवे की यह पहल आधुनिक रेल अवसंरचना विकसित करने और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।