पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने किया इज्जतनगर मंडल का निरीक्षण, सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिया विशेष जोर

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने किया इज्जतनगर मंडल का निरीक्षण, सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिया विशेष जोर

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रविवार को इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेलवे प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

बरेली में आयोजित इस निरीक्षण कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार तथा अन्य शाखा अधिकारी भी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने इज्जतनगर-माला रेलखंड का निरीक्षण करते हुए रेल पथ, परिचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी। इसके अलावा बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 के पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर, आरक्षण कक्ष, प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन और निर्माणाधीन अंडरपास का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इज्जतनगर स्थित रेलवे समपार फाटक संख्या 236 पर उन्होंने गेटमैन सुनील कुमार से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया का प्रदर्शन भी देखा। गेटमैन द्वारा सफल प्रदर्शन किए जाने पर उन्होंने उसकी सराहना की।

इसके बाद महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व लाइन का निरीक्षण किया, जहां बैरकों, आवासीय कक्षों और पुलिस कल्याण भंडार की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने, जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और महिला आरक्षियों के लिए अलग बैरक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

उन्होंने ट्रैकमैनों से बातचीत कर उनके कार्यों, उपकरणों और सुविधाओं की जानकारी ली तथा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन और ईयरफोन का उपयोग न करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य और सुरक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए इंजीनियरिंग विभाग और रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व लाइन को पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे में सुरक्षा, स्वच्छता और यात्रियों की सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर रेल यात्रा का अनुभव मिल सके।