उत्तर पश्चिम रेलवे में विकास कार्यों की समीक्षा, महाप्रबंधक बोले— तय समय पर पूरे हों सभी लक्ष्य

उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में कार्य समीक्षा बैठक आयोजित

महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने दिए लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जयपुर में गुरुवार को महाप्रबंधक अमिताभ की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर पश्चिम रेलवे के चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे के विभिन्न विकास कार्यों, संरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार बैठक में रेलवे संरक्षा, निर्माण कार्यों की प्रगति, पूंजीगत आय, रेलवे ट्रैक फेसिंग, समपार फाटकों को बंद करने की कार्ययोजना, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा आय बढ़ाने जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने अपने संबोधन में कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्य प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य आपसी समन्वय और बेहतर योजना के साथ निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इसमें नई रेल लाइनों का निर्माण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण, स्टेशनों का पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं का विस्तार, रोड ओवर ब्रिज, रोड अंडर ब्रिज तथा सिग्नलिंग कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई।

इसके अलावा स्टेशन पुनर्विकास के बाद उपलब्ध वाणिज्यिक स्थानों को लीज पर देने, गैर किराया राजस्व बढ़ाने, सेफ्टी फेंसिंग की प्रगति, समपार फाटकों को बंद करने और अप्रोच रोड सुधारने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। यातायात सुविधाओं के विस्तार के लिए नए मेगा टर्मिनल, कोचिंग टर्मिनल, पिट लाइन और प्लेटफॉर्म निर्माण से संबंधित डीपीआर एवं मास्टर प्लान पर भी चर्चा की गई।

महाप्रबंधक अमिताभ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तय लक्ष्यों के अनुसार कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए ताकि रेल यात्रियों और उपभोक्ताओं को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यालय स्तर पर अनुमोदन से जुड़े सभी कार्यों में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

बैठक में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी, प्रमुख विभागाध्यक्षों सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।