दिल्ली स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के कारण कई रेलगाड़ियां प्रभावित, मार्ग परिवर्तन और आंशिक संचालन रहेगा लागू

दिल्ली स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के कारण कई रेलगाड़ियां प्रभावित, मार्ग परिवर्तन और आंशिक संचालन रहेगा लागू

25 जून 2026: रेल प्रशासन ने आम यात्रियों को सूचित किया है कि दिल्ली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के लिए पावर एवं यातायात ब्लॉक कार्य किया जाएगा। इस कार्य के चलते अगस्त माह में कई रेलगाड़ियों के संचालन में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनों का आंशिक प्रारंभ और समाप्ति बदली गई है, जबकि कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 64152 (दिल्ली-अलीगढ़ पैसेंजर) 6 अगस्त, 7 अगस्त और 8 अगस्त 2026 को अपने निर्धारित स्टेशन दिल्ली के स्थान पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 64101 (अलीगढ़-दिल्ली) 6, 7 और 8 अगस्त को सामान्य मार्ग की जगह गाजियाबाद-साहिबाबाद-नई दिल्ली मार्ग से संचालित होगी और नई दिल्ली स्टेशन पर आंशिक रूप से यात्रा समाप्त करेगी। इस दौरान विवेकानंद नगर, दिल्ली शाहदरा और दिल्ली स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।

गाड़ी संख्या 14117 (प्रयागराज-भिवानी एक्सप्रेस) 5, 6 और 7 अगस्त को गाजियाबाद-नई दिल्ली-दिल्ली किशनगंज मार्ग से चलेगी। इस दौरान दिल्ली शाहदरा और दिल्ली स्टेशन पर यह ट्रेन नहीं रुकेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 15733 (बालुरघाट-बठिंडा एक्सप्रेस) 3 और 6 अगस्त को तथा गाड़ी संख्या 15743 (बालुरघाट-बठिंडा एक्सप्रेस) 5 अगस्त को परिवर्तित मार्ग गाजियाबाद-नई दिल्ली-सब्जी मंडी होकर संचालित की जाएगी। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव भी दिल्ली शाहदरा और दिल्ली स्टेशन पर नहीं रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, समय और मार्ग की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।