प्रयागराज मंडल कार्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

प्रयागराज मंडल कार्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

प्रयागराज। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल कार्यालय में रविवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित सभागार में किया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ?स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग? रही, जिसके तहत स्वास्थ्य और जीवनशैली में योग की महत्ता को रेखांकित किया गया।

योगाभ्यास सत्र का संचालन भारतीय योग संस्थान प्रयागराज के योग विशेषज्ञ एवं क्षेत्रीय मंत्री हंस कुमार राय के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग करने से शरीर ऊर्जावान रहता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और तनाव सहित कई बीमारियों से बचाव संभव होता है। उन्होंने कर्मचारियों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

योग प्रशिक्षक हंस कुमार राय ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। इसमें भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन और पवनमुक्तासन सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाएं कराई गईं तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बदलती जीवनशैली, पर्यावरणीय चुनौतियों और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग की उपयोगिता पर विशेष चर्चा की गई। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर निरोग जीवन जीने का संकल्प लिया।

यह आयोजन कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।