उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम ?योग फॉर हेल्दी एजिंग? रही। कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र मोदी द्वारा कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के सजीव प्रसारण से हुई, जिसे अधिकारियों और कर्मचारियों ने देखा।

इसके बाद प्रयागराज स्थित रेलगांव परिसर, सूबेदारगंज के बैडमिंटन हॉल में विशेष योग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में नरेश पाल सिंह, महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हिमा चौहान सिंह भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का स्वागत एवं संचालन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा द्वारा किया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। रेलवे कर्मचारियों के लिए योग तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में बेहद सहायक है, इसलिए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

स्वस्थ आयु के लिए योग, स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक अनुपमा नारायणी के मार्गदर्शन में योगाभ्यास कराया गया। कार्यशाला में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रार्थना, चालन क्रिया, योगासन, कपालभाति, प्राणायाम, ध्यान और संकल्प का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षक ने सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने योग प्रशिक्षक को प्रशिक्षण हेतु प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और वैश्विक स्वास्थ्य व शांति को बढ़ावा देना रहा।

इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों और इकाइयों में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम का समन्वय प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी के निर्देशन में किया गया। इस मौके पर रेलवे के सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।