श्री माता वैष्णो देवी यात्रा ने पार किया 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा, रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे भक्त

श्री माता वैष्णो देवी यात्रा ने पार किया 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा, रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे भक्त

कटड़ा। पवित्र श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा ने वर्ष 2026 में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 22 जून 2026 तक इस साल मां वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गई है। अब तक कुल 50.70 लाख श्रद्धालु भवन पहुंचकर माता के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।

यह उपलब्धि पिछले वर्ष की तुलना में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2025 की इसी अवधि तक लगभग 39.84 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 50.70 लाख हो गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले 10.86 लाख अधिक श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।

श्रद्धालुओं की इस रिकॉर्ड बढ़ोतरी को देश-विदेश के भक्तों की माता के प्रति अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है। साथ ही यह बढ़ती संख्या यात्रा प्रबंधन में लगे सभी विभागों और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा किए जा रहे बेहतर इंतजामों पर श्रद्धालुओं के भरोसे को भी दर्शाती है।

मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में श्राइनबोर्ड लगातार यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए कई अहम कदम उठा रहा है। यात्रा मार्ग पर बेहतर आधारभूत ढांचा, आवास सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, बैटरी कार सेवा, रोपवे सेवा, आपदा प्रबंधन और डिजिटल सुविधाओं को लगातार मजबूत किया गया है।

साल के शुरुआती छह महीनों में ही 50 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना इस बात का संकेत है कि आने वाले महीनों में भी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ सकती है। यह उपलब्धि श्री माता वैष्णो देवी यात्रा 2026 के सफल संचालन और भक्तों के बढ़ते उत्साह का बड़ा प्रमाण मानी जा रही है।