जयपुर-खातीपुरा से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को मिला शानदार रिस्पॉन्स, पहली नियमित यात्रा में 100 प्रतिशत टिकट बुकिंग

जयपुर-खातीपुरा से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को मिला शानदार रिस्पॉन्स, पहली नियमित यात्रा में 100 प्रतिशत टिकट बुकिंग

भारतीय रेलवे की नई रेल सेवा जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिलना शुरू हो गया है। 21 जून 2026 से शुरू हुई इस ट्रेन की 22 जून 2026 को पहली नियमित यात्रा में यात्रियों का शानदार उत्साह देखने को मिला। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन की आरक्षित श्रेणी की सभी सीटों पर 100 प्रतिशत टिकट बुकिंग दर्ज की गई है, जो इस नई सेवा की लोकप्रियता को दर्शाती है।

21 जून 2026 को जयपुर से दरभंगा के लिए इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। लंबे समय से जयपुर से दरभंगा के बीच प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी। इस मांग के पूरा होने के बाद यात्रियों से अच्छे प्रतिसाद की उम्मीद थी, जो पहली ही यात्रा में पूरी तरह दिखाई दी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पहली ही नियमित यात्रा में सभी आरक्षित सीटों की बुकिंग पूरी हो जाना इस ट्रेन की उपयोगिता और यात्रियों के भरोसे को साबित करता है। खास तौर पर राजस्थान में रह रहे बिहार के प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और व्यापारियों के लिए यह रेल सेवा बेहद लाभकारी साबित होगी।

गौरतलब है कि 21 जून 2026 को खातीपुरा स्थित मेगा कोचिंग टर्मिनल का भी शुभारंभ किया गया था। इसी टर्मिनल पर जयपुर-खातीपुरा से दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का रखरखाव और अनुरक्षण किया जाएगा।

रेलवे का मानना है कि इस नई रेल सेवा से बिहार और राजस्थान के बीच व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संपर्क को नई गति मिलेगी। यात्रियों को अब अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध और किफायती यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ट्रेन है। इसमें उच्च गुणवत्ता वाले द्वितीय शयनयान और सामान्य श्रेणी के आधुनिक कोच लगाए गए हैं। साथ ही एलईडी प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, आधुनिक सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली तथा स्वच्छ और बेहतर शौचालय जैसी सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा अनुभव देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।