हरदोई में सपा का पलटवार: “भाजपा फैला रही झूठा प्रचार, जनता 2027 में देगी जवाब”

हरदोई में सपा का पलटवार: ?भाजपा फैला रही झूठा प्रचार, जनता 2027 में देगी जवाब?

होल्डिंग हटाने को लेकर सपा नेताओं का दावा, महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट पर सरकार को घेरा

हरदोई, 22 जून

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता तथा समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा शहर में जगह-जगह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जातिवाद को बढ़ावा देने के आरोप वाले होर्डिंग लगाए गए, जिन्हें सपा नेताओं ने तत्काल हटाने का काम किया।

सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में यदि सबसे ज्यादा जातिवाद हो रहा है तो वह भाजपा सरकार के कार्यकाल में हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार कर रही है।

रामज्ञान गुप्ता और हरिनाम सिंह यादव ने राम मंदिर के नाम पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि जिस मुद्दे पर भाजपा सत्ता में आई, उसी राम मंदिर में कथित तौर पर चंदे और आभूषणों की चोरी जैसे गंभीर मामले सामने आ रहे हैं, जिससे देशभर में भाजपा की छवि खराब हो रही है। उन्होंने इसे जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया।

सपा नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार झूठा प्रचार कर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने में लगी हुई है, लेकिन प्रदेश की जनता सब समझ रही है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली की समस्या गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि छात्र, नौजवान और किसान भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा परेशान हैं। रोजगार की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है और यदि युवा रोजगार की मांग करता है तो उसे दमन का सामना करना पड़ता है।

अंत में सपा नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी और पीडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।

सूचना विभाग हरदोई Uttar Pradesh Highlights Ram Gyan Gupta हरिनाम सिंह यादव UP Gram Akhilesh Yadav