फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया, पुलिस कर रही उत्पीड़न- रामज्ञान गुप्ता

फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया, पुलिस कर रही उत्पीड़न- रामज्ञान गुप्ता

भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्रवाई का आरोप,गुंडा टैक्स का विरोध करना पड़ा भारी,जान-माल के खतरे की जताई आशंका

#हरदोई

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 27 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे हरदोई पुलिस ने उन्हें उनकी दुकान से जबरन गिरफ्तार कर फर्जी मुकदमे में जेल भेज दिया। उनका कहना है कि जिन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, उनमें न तो गिरफ्तारी का प्रावधान है और न ही जेल भेजे जाने का। इसे उन्होंने प्रशासन की तानाशाही बताया।रामज्ञान गुप्ता ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यदि कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने बताया कि 25 मई 2026 को विजिलेंस टीम और पुलिस उनकी ई-रिक्शा की दुकान पर बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने पहुंची थी, लेकिन कोई अनियमितता नहीं मिलने पर टीम को माफी मांगकर लौटना पड़ा। श्री गुप्ता ने आरोप लगाया कि शहर में भाजपा से जुड़े कुछ लोग ई-रिक्शा, मैजिक और टेंपो चालकों से गुंडा टैक्स वसूल रहे थे, जिसका उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को विरोध किया और वसूली बंद कराई। उनका कहना है कि उसी के बाद से उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने की साजिश की जा रही है,जबकि आरोपियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने यह भी बताया कि 30 अप्रैल 2026 को मल्लावां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र देकर अपनी हत्या की आशंका जताई थी।

रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका चुनाव लड़ने के बाद से लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने 17 अप्रैल 2025 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस ने उनके घर पर तोड़फोड़ की और परिवार को प्रताड़ित किया। उन्होंने एक मंत्री पर इशारों में आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निर्देश पर पुलिस द्वारा उत्पीड़न कराया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

महंगाई पर सरकार घिरी

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप था कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी कर आगामी चुनाव के लिए ?इलेक्शन सरचार्ज? वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल, गैस और बिजली के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है।उन्होंने भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों के हित में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब और आम जनता की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव लाएगी।

इस दौरान हरिनाम सिंह यादव (सपा नेता), सुधीर गुप्ता मिन्ना, गिरीश गुप्ता, सोनू गुप्ता, उमेश गुप्ता, उमेश शर्मा, बबलू कुशवाहा, रामदत्त गुप्ता, पंकज गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।

सूचना विभाग हरदोई Brajesh Pathak Narendra Modi UP Police Pro Cell Hardoi MYogiAdityanath Uttar Pradesh Highlights