बहराइच के रिसिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बुलबुल नेवाज से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है।

बहराइच के रिसिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बुलबुल नेवाज से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ नाली निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन कर मीडिया से इस धांधली की शिकायत की है।ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव में बनाई जा रही नाली के निर्माण में मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।निर्माण कार्य में घटिया किस्म की पीली और पुरानी ईंटों का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है।सीमेंट और बालू के मिश्रण में भी भारी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे नाली पहली बारिश में ही ढह सकती है।ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार के पीछे रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सरकारी धन का बंदरबांट करने के लिए मिलीभगत करके इस तरह का घटिया निर्माण कराया जा रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच करने नहीं पहुंचा।गांव के जागरूक नागरिकों ने मीडिया के माध्यम से उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस घटिया निर्माण को तुरंत रोककर मानक के अनुसार काम नहीं कराया गया, तो वे तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।