सरकारी नाली की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

पयागपुर बहराइच। पयागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सभा हसुवापारा में गाटा संख्या 95, जो राजस्व अभिलेखों में सरकारी नाली के रूप में दर्ज है, पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि चन्द्र प्रकाश तिवारी पुत्र रामकुमार तिवारी द्वारा सरकारी जमीन पर घेराबंदी कर मड़हा रखकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कई बार उप जिलाधिकारी कार्यालय पयागपुर व तहसीलदार कार्यालय पयागपुर में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में लेखपाल द्वारा सीमांकन भी कराया जा चुका है, इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। बाद में शिकायत जिलाधिकारी कार्यालय बहराइच तक पहुंची, जहां से कई बार कब्जा हटाने के आदेश दिए गए।

अधिकारियों की उदासीनता से नाराज ग्रामीणों ने सरकारी जमीन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार जिला अधिकारी के आदेशों का अवलोकन करने के बाद तहसीलदार पयागपुर ने वर्तमान लेखपाल ज्ञानेंद्र पांडे को निर्देश दिया है कि तत्काल प्रभाव से सरकारी जमीन जो राजस्व विभाग में नाली के रूप में दर्ज है जिसका गाटा संख्या 95 है उस पर से अभिलंब अतिक्रमण हटवा कर उसको मुक्त कराया जाए।