फार्मासिस्टों की समस्याओं को लेकर जिलाध्यक्ष ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन।

विशेश्वरगंज डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन जनपद बहराइच के जिलाध्यक्ष एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिशेश्वरगंज में कार्यरत फार्मासिस्ट प्रेम चंद्र तिवारी ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक से उनके लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर भेंट कर फार्मासिस्टों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष प्रेम चंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद के फार्मासिस्ट लंबे समय से कई प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान एवं लंबित मांगों को शासन स्तर पर उठाने के उद्देश्य से उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में फार्मासिस्टों के स्थानांतरण, सेवा शर्तों, कार्यस्थल संबंधी सुविधाओं तथा अन्य विभागीय मांगों को प्रमुखता से शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस अवसर पर अजय तिवारी, पवन पांडेय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात को जनपद के फार्मासिस्टों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि शासन स्तर पर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे फार्मासिस्टों की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होगी।