रेलवे प्रीमियर लीग 2026 का भव्य आगाज़, महाप्रबंधक अमिताभ ने ट्रॉफी का किया अनावरण

रेलवे प्रीमियर लीग 2026 का भव्य आगाज़, महाप्रबंधक अमिताभ ने ट्रॉफी का किया अनावरण

जयपुर, 16 जून। उत्तर पश्चिम रेलवे में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित रेलवे प्रीमियर लीग (आरपीएल-2026) का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमिताभ के आगमन के साथ टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक अमिताभ ने रेलवे प्रीमियर लीग 2026 की चमचमाती विजेता ट्रॉफी का अनावरण किया। कार्यक्रम में राजू भूतड़ा सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। ट्रॉफी अनावरण के बाद प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का परिचय कराया गया।

टॉस के बाद महाप्रबंधक स्वयं क्रिकेट मैदान पर उतरे और खेल भावना को प्रोत्साहित करते हुए बल्लेबाजी कर शानदार शॉट लगाया तथा गेंदबाजी कर टूर्नामेंट के पहले मुकाबले का आधिकारिक शुभारंभ किया। उनके इस उत्साहपूर्ण अंदाज ने खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष ऊर्जा भर दी।

मैच शुरू होने से पहले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने समारोह को और आकर्षक बना दिया। इसके बाद टूर्नामेंट का पहला उद्घाटन मुकाबला खेला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में रेल अधिकारी, कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

इस वर्ष आरपीएल-2026 में कुल 9 टीमें भाग ले रही हैं, जो प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने के लिए मुकाबला करेंगी। आयोजन के दौरान रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में खेल भावना, टीमवर्क और आपसी समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।