यात्रियों को बड़ी सौगात, स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस का खैरथल स्टेशन पर मिलेगा ठहराव

यात्रियों को बड़ी सौगात, स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस का खैरथल स्टेशन पर मिलेगा ठहराव

उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब शकूरबस्ती जैसलमेर शकूरबस्ती स्वर्ण नगरी दैनिक एक्सप्रेस रेलसेवा को खैरथल स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर आगामी आदेशों तक ठहराव दिया जाएगा। इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने जानकारी देते हुए बताया कि गाड़ी संख्या 12249 शकूरबस्ती?जैसलमेर स्वर्ण नगरी दैनिक एक्सप्रेस 16 जून 2026 से खैरथल स्टेशन पर शाम 7 बजकर 48 मिनट पर पहुंचेगी और 7 बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान करेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12250 जैसलमेर शकूरबस्ती स्वर्ण नगरी दैनिक एक्सप्रेस 17 जून 2026 से खैरथल स्टेशन पर सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर पहुंचेगी और 5 बजकर 52 मिनट पर आगे के लिए रवाना होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक रूप से शुरू किया जा रहा है, जिसे आगामी आदेशों तक जारी रखा जाएगा। इस निर्णय से खैरथल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे दिल्ली और जैसलमेर जैसे महत्वपूर्ण गंतव्यों तक बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों की मांग और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए लगातार रेल सेवाओं में सुधार और विस्तार किया जा रहा है। स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के खैरथल स्टेशन पर ठहराव से स्थानीय यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा और यात्रा अधिक आसान एवं सुविधाजनक बन सकेगी।