अजमेर मंडल में पेंशन अदालत का आयोजन, 38 प्रकरणों का हुआ त्वरित निस्तारण

अजमेर मंडल में पेंशन अदालत का आयोजन, 38 प्रकरणों का हुआ त्वरित निस्तारण

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य सभाकक्ष संवेग में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पेंशन अदालत-2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती मेघा गोदारा देव के निर्देशन में संपन्न हुआ।

पेंशन अदालत की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा ने की। इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी गजानंद कुमावत, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक बलराम मीणा, पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एवं पेंशनर उपस्थित रहे।

इस पेंशन अदालत का मुख्य उद्देश्य रेल पेंशनरों की पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य बकाया भुगतान से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान करना था। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से जुड़े कुल 38 प्रकरणों को शामिल किया गया, जिनकी समस्याओं का तत्काल प्रभाव से समाधान किया गया।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार जिन पेंशनभोगियों को पूर्व में की गई कार्रवाई से संतुष्टि नहीं थी, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों एवं प्रशासन के सकारात्मक रुख के चलते कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान प्राप्त नए आवेदनों पर भी शीघ्र कार्रवाई कर संबंधित पेंशनरों को अवगत कराने का आश्वासन दिया गया।

इस आयोजन ने सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को उनकी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया, जिससे पेंशनरों में संतोष और विश्वास का वातावरण देखने को मिला।