महाप्रबंधक अमिताभ ने अजमेर वर्कशॉप का किया निरीक्षण, नई सुविधाओं का उद्घाटन

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने मंगलवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर ग्रुप ऑफ वर्कशॉप का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नव स्थापित डीईएमयू/एमईएमयू शेड का उद्घाटन किया तथा लोको उत्पादन कार्यालय के आधुनिक कार्यालय, मॉड्यूलर फर्नीचर और अत्याधुनिक वर्कस्टेशन का लोकार्पण किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लोको एवं कैरिज कारखाने का जायजा लेते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस रेक के कोचों की आवधिक मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने उन्हें बीवीज़ेडआई वैगनों के उन्नयन और बीटीपीजीएलएन वैगनों के पीओएच शेड विस्तार कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। महाप्रबंधक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से कारखाने की उत्पादन और अनुरक्षण क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

अजमेर कैरिज कारखाने में वंदे भारत कोचों के शॉप शेड्यूल कार्य को भारतीय रेल के सर्वश्रेष्ठ और न्यूनतम समय में पूरा करने वाले अग्रणी कारखानों में विकसित करने के प्रयास जारी हैं।

दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे श्रमिक संगठनों एवं अजा/अजजा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। यूनियनों ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न सुझाव और मांगपत्र सौंपे, जिन पर महाप्रबंधक ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मुख्य तकनीकी अधिकारी नीरज जैन, मुख्य कारखाना प्रबंधक विकास आनंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे गुणवत्ता सुधार, आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार के कार्यों की सराहना करते हुए सुरक्षा, गुणवत्ता, नवाचार और समयबद्ध निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अजमेर ग्रुप ऑफ वर्कशॉप भारतीय रेल में तकनीकी नवाचार और उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करेगा।