अंतरराष्ट्रीय श्रेया क्लब केपटल पर पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिवस अमावस्या पर भजन संध्या आयोजित 

आर्यावर्त पुरुषोत्तम मास की पावन बेला एवं अमावस्या के पवित्र अवसर पर अंतरराष्ट्रीय श्रेया क्लब के धार्मिक प्रकोष्ठ द्वारा भव्य ऑनलाइन भजन संध्या का सफल आयोजन संपन्न हुआ। यह विशेष आयोजन पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिवस पर हुआ, जब सभी ने श्रद्धापूर्वक अपने पितरों का स्मरण भी किया। ऐसे दुर्लभ संयोग पर भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
यह आयोजन शाम पांच बजे गूगल मीट के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हुआ। कार्यक्रम की शोभा मुख्य अतिथि संगीता शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति से बढ़ी, जबकि अध्यक्षता का दायित्व किरण अग्रवाल ने संभाला। अति विशेष अतिथि के रूप में डॉ. प्रेमलता रसबिंदु तथा विशेष अतिथि के रूप में संगीता श्रीवास्तव मंच पर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सु-लक्ष्मण कमांडर कुमार शर्मा भी सम्मिलित हुए और उन्होंने अपना सुंदर विचार रखते हुए कहा कि आधुनिक युग में तनाव दूर करने के लिए भजन करना बहुत जरूरी है तथा मिलना-जुलना आवश्यक है। उन्होंने आग्रह किया कि इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए।
भक्ति प्रस्तुतियों का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ जिसे ममता सक्सेना ने प्रस्तुत किया। इसके उपरांत गणेश वंदना हुई एवं डॉ. अर्चना 'श्रेया' द्वारा भावपूर्ण कान्हा स्तुति की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। इस पावन अवसर पर राजलक्ष्मी श्रीवास्तव राजिम छत्तीसगढ़, ममता सक्सेना, किरण अग्रवाल, श्रीमती संध्या श्रीवास्तव 'साँझ' छतरपुर मध्यप्रदेश, संगीता श्रीवास्तव, सरोज विश्वकर्मा, मीरा सक्सेना एवं संध्या श्रीवास्तव जैसी विशिष्ट रचनाकार साथी भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को भक्तिमय बना रही थीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन पटल की संस्थापक डॉ अर्चना श्रेया ने किया।
मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं विशेष अतिथि सभी ने अपना खूबसूरत आशीर्वचन और उद्बोधन रखा। सभी ने डॉ. अर्चना 'श्रेया' के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। डॉ. प्रेमलता रसबिंदु जी ने सभी का हृदय से आभार ज्ञापित किया। अंत में अध्यक्ष किरण अग्रवाल जी ने आगामी दिनों में पुनः मिलने की आशा के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। इस प्रकार एक भक्तिमय एवं ऊर्जावान कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय श्रेया क्लब के धार्मिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।