नजीबाबाद स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में हुई इमरजेंसी मॉक ड्रिल, कर्मचारियों को सिखाए गए आपदा प्रबंधन के गुर

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन, कर्मचारियों को दी गई सुरक्षा संबंधी जानकारी

नजीबाबाद। जनपद बिजनौर में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की अग्नि एवं आपदा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, आदर्श नगर नजीबाबाद में आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

यह मॉक ड्रिल मुख्य अग्निशमन अधिकारी बिजनौर डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार एवं प्रभारी अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद के नेतृत्व में संपन्न हुई। ड्रिल के दौरान आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होने पर बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास कराया गया।

अग्निशमन कर्मियों ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी तथा प्राथमिक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय का प्रदर्शन भी किया गया।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य कर्मचारियों और अधिकारियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी तैयारियों का आकलन करना था।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।