धामपुर शुगर मिल में अग्निशमन विभाग ने कराई ऑन-साइट इमरजेंसी मॉक ड्रिल

धामपुर शुगर मिल में ऑन-साइट इमरजेंसी प्लान की मॉक ड्रिल आयोजित

बिजनौर। डीजी फायर सुजीत पांडेय के आदेश से मुख्य अग्निशमन अधिकारी बिजनौर डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में गुरुवार को धामपुर स्थित शुगर मिल में ऑन-साइट इमरजेंसी प्लान के तहत रिहर्सल एवं मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी औद्योगिक आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। इस दौरान अग्निशमन विभाग और शुगर मिल के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का प्रदर्शन किया।

अभ्यास के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा उपायों, आपदा प्रबंधन, सुरक्षित निकासी तथा आग लगने जैसी घटनाओं में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और कर्मचारियों को आपात स्थितियों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।