बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष जागरूकता अभियान, 290 लोगों को दिए अग्नि सुरक्षा के गुर

बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष जागरूकता अभियान, 290 लोगों को दिए अग्नि सुरक्षा के गुर

बिजनौर। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं, लखनऊ के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेशानुसार जनपद में संचालित होटलों, रेस्टोरेंटों एवं पब्लिक क्लबों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्कीम संख्या-05 के अंतर्गत 4 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी (एवैक्यूएशन) के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन केंद्र बिजनौर, नगीना, धामपुर एवं चांदपुर की टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट एवं पब्लिक क्लब संचालकों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई तथा सुरक्षित निकासी के तरीकों की जानकारी दी गई।

अग्निशमन अधिकारियों ने फायर ऑडिट के माध्यम से प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए। साथ ही लोगों को आग से बचाव के उपायों और आपदा के समय संयमित एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत जनपद के 15 प्रतिष्ठानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 290 व्यक्तियों को अग्नि सुरक्षा, फायर फाइटिंग उपकरणों के उपयोग और आपातकालीन निकासी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने कहा कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने सभी संस्थानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की अपील भी की।