बिजनौर में अग्निशमन विभाग का विशेष अभियान, 12 होटल और गेस्ट हाउसों का किया गया निरीक्षण

बिजनौर। महानिदेशक अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद बिजनौर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्कीम संख्या-05 के तहत विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस एवं पब्लिक क्लबों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अभियान के अंतर्गत 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया निरीक्षण नजीबाबाद, नगीना, धामपुर और बिजनौर शहर के होटल, गेस्ट हाउस एवं फूड प्लाजा शामिल रहे।

अग्निशमन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखें तथा उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित करें।

अभियान के दौरान कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, लोगों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों को आग से बचाव के आवश्यक उपायों एवं सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अग्निशमन विभाग की इस पहल को होटल संचालकों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने सराहा और इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।