बिजनौर में अग्निशमन विभाग की साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की क्रियाशीलता परखा गया

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में मंगलवार को जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की जांच अभियान चलाया गया।पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन केंद्र बिजनौर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर एवं चांदपुर में तैनात अग्निशमन कर्मियों को फॉल-इन कराकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान विभागीय कार्यों के साथ-साथ कर्मियों की शारीरिक दक्षता और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को भी परखा गया।मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग में उपलब्ध विशेष उपकरणों एवं वाहनों की क्रियाशीलता की जांच की गई। कर्मियों को विभिन्न प्रकार के कटर, पंप, स्मोक एग्जास्टर, फोम जेनरेटर, मल्टी परपज ब्रांच, फॉग ब्रांच, बैटरी ऑपरेटेड बोल्ट कटर, आईसी इंजन चैन सॉ तथा सर्कुलर सॉ सहित अन्य आधुनिक उपकरणों के संचालन, उपयोग की विधि और उनकी क्षमता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को इस प्रकार की ड्रिल नियमित रूप से आयोजित की जा रही है, ताकि सभी उपकरण सदैव क्रियाशील रहें और अग्निशमन कर्मी किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपट सकें।